- स्कूल चलें हम की गूंज के बीच निपुण हरियाणा के तहत रेडीनेस कार्यक्रम का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए क्लासरूम रेडीनेस कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया है। निपुण हरियाणा मिशन के तहत प्रदेश भर के स्कूलों में बालवाटिका-3 से कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों को खेल-खेल में शिक्षा से जोड़ने की पहल शुरू की गई है। स्कूलों में बच्चों ने कविताओं व खेल गतिविधियों के जरिए नई कक्षाओं में कदम रखा है।
स्कूलों में सबसे खास नजारा बालवाटिका-3 (किंडरगार्टन) के बच्चों का रहा। विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, खेल-खेल में परिचय कार्यक्रम हुआ। शिक्षकों ने बच्चों को गोल घेरे में बैठाकर गेंद और खिलौनों के माध्यम से एक-दूसरे का नाम पूछा। इससे न केवल बच्चों की झिझक दूर हुई बल्कि उनमें आत्मविश्वास भी नजर आया। मुक्त खेल सत्र में बच्चों ने अपनी पसंद के कोने चुनकर रचनात्मक गतिविधियां कीं।
-
अक्षरों की कराई पहचान
कक्षा पहली और दूसरी के बच्चों की शुरुआत स्कूल चलें हम कविता के साथ हुई। शिक्षकों ने डिजिटल माध्यम और चार्ट्स का उपयोग कर बच्चों को न और र अक्षरों की पहचान कराई। रागिनी पाठ्यपुस्तक के जरिए बच्चों को डिकोडिंग और लेखन का अभ्यास कराया गया। विभाग का मुख्य लक्ष्य बच्चों को बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान में दक्ष बनाना है। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने बच्चों को 14 अप्रैल को होने वाली डॉ. आंबेडकर जयंती के बारे में जानकारी दी। जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम का मकसद बच्चों को भारी-भरकम सिलेबस के बोझ से बचाने के साथ-साथ उन्हें स्कूल के माहौल के प्रति सहज बनाना है।