संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) के माध्यम से स्टेशन मास्टर बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए रेल मंत्रालय ने बड़ा बदलाव किया है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 से आयोजित होने वाली स्टेशन मास्टर भर्ती प्रक्रिया के लिए नई गाइडलाइंस और संशोधित सिलेबस जारी कर दिया है। जारी अधिसूचना के अनुसार, अब स्टेशन मास्टर पद के लिए अलग से केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना जारी की जाएगी और चयन प्रक्रिया को अधिक सुव्यवस्थित बनाया गया है।
अभ्यर्थियों को अब बहुस्तरीय लिखित परीक्षाओं के बजाय केवल एक ही चरण की लिखित परीक्षा देनी होगी। मेरिट के आधार पर रिक्तियों के मुकाबले 8 गुना अभ्यर्थियों को कंप्यूटर बेस्ड एप्टीट्यूड टेस्ट यानी सीबीटी के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चयन लिस्ट बनाते समय सीबीटी के अंकों का 70% और सीबैट के अंकों का 30% वेटेज जोड़ा जाएगा। डीवी और मेडिकल परीक्षा के लिए केवल विज्ञापित पदों के बराबर 1:1 अनुपात में अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा। चयन के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना आवश्यक है। सामान्य वर्ग के लिए 20 से 33 वर्ष व अन्य श्रेणी में नियमों के तहत 3 वर्ष की छूट मिलेगी। इसके अलावा मेडिकल स्टैंडर्ड ए-2 फिटनेस अनिवार्य होगी।
परीक्षा पैटर्न एवं विस्तृत सिलेबस
लिखित परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसके लिए अभ्यर्थियों को 2 घंटे का समय मिलेगा। पाठ्यक्रम को तीन मुख्य घटकों में विभाजित किया गया है। पहला बेसिक साइंस, गणितीय एवं विश्लेषणात्मक क्षमता (कुल 60 अंक) । इसमें बेसिक साइंस एवं गणित के 30 अंक और डेटा एनालिसिस एवं इंटरप्रिटेशन के 30 अंक शामिल हैं। इस प्रकार लॉजिकल कैपेबिलिटी के कुल 20 अंक और मेंटल रीजनिंग के कुल 20 अंक होंगे।
बोर्ड का संदेश
निदेशक चंद्र मौहियार बठाला की ओर से जारी यह नया सिलेबस वर्ष 2026 के स्टेशन मास्टर सीईएन चक्र से पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा। बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्धारित आरक्षण नियमों का पालन करते हुए मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं।