संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। हीरा नगर में फैमिली कोर्ट का गिरफ्तारी वारंट तामील करने गए एसपीओ व एएसआई पर पूरे परिवार ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले एसपीओ परविंद्र के साथ मारपीट करते हुए पगड़ी उतारकर नाली के पानी में फेंक दी। मदद के लिए जब ईआरवी पहुंची तो हमलावरों ने ड्यूटी ऑफिसर एएसआई दर्शन सिंह पर भी हमला कर दिया। सरकारी गाड़ी ईआरवी 106 के साथ तोड़फोड़ का प्रयास किया। मामला बिगड़ने के बाद भारी पुलिस बल पहुंचा तो हमलावर भाग गए। पुलिस ने मुख्य आरोपी मनमीत कटारिया को मौके पर काबू कर लिया।
सदर थाना पुलिस ने एसपीओ परविंद्र की तहरीर पर हमलावर मनमीत कटारिया, हितेश, तरूण, नीलम, मुकेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। यह कार्रवाई बीएनएस की धारा लोक सेवक पर हमला करने की धारा 121(1) व धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने व मारपीट की धाराओं के तहत की गई।