- हरिद्वार से बठिंडा और लखनऊ के बीच रेल यात्रियों को दो दिन मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सोमवती अमावस्या मेले के दौरान हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने राहत दी है। इसके लिए उत्तर रेलवे ने सोमवार से हरिद्वार से बठिंडा और लखनऊ के बीच विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है।
वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल यशनजीत सिंह ने बताया कि इन ट्रेनों के बारे में सूचना नोटिस बोर्ड और घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों तक पहुंचाई जा रही है ताकि यात्रियों को अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो। लोगों को यह सुविधा मंगलवार तक मिलेगी।
हरिद्वार-बठिंडा स्पेशल
ट्रेन नंबर 04327 हरिद्वार से 15 जून को दोपहर 1 बजे चलेगी और शाम 5:15 बजे अंबाला कैंट होते हुए रात 8:55 बजे बठिंडा पहुंचेगी। जबकि बठिंडा से ट्रेन नंबर 04328 का संचालन 16 जून को रात 12:40 बजे होगा। ट्रेन सुबह 4:30 बजे अंबाला कैंट और 8:40 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 15 कोच लगाए जाएंगे। बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में रूड़की, हिंडन कैबिन, सहारनपुर, यमुनानगर-जगाधरी, जगाधरी वर्कशाप, मुस्तफाबाद, बराड़ा,अंबाला कैंट, अंबाला सिटी, राजपुरा, पटियाला, नाभा, धूरी, बरनाला, तपा, रामपुर फूल व भुच्चो स्टेशनों पर रुकेगी।
हरिद्वार-लखनऊ स्पेशल
ट्रेन नंबर 04326 हरिद्वार से 15, 16 और 17 जून को शाम 6:35 बजे रवाना होकर तड़के 3:40 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वहीं, लखनऊ से ट्रेन नंबर 04325, 16, 17 और 18 जून को सुबह 5:30 बजे रवाना होकर शाम 4:15 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। कुल 12 कोच वाली इस ट्रेन से यात्रियों को राहत मिलेगी। बीच रास्ते यह ट्रेन दोनों दिशाओं में लक्सर, नजीबाबाद, नगीना, धर्मपर, सेहोरा, कंठ, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शहजहांपुर, हरदोई, बलामानू और आलमनगर स्टेशनों पर रुकेगी।