अंबाला। फरीदाबाद में गत दिवस मेडिट्रिना अस्पताल के संचालक पर एसीबी की ओर से दर्ज हुए मामले की आंच अंबाला तक पहुंच गई है। मंगलवार को एक विशेष टीम ने अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल में प्राइवेट पब्लिक पार्टनशिप यानी पीपीपी मोड पर चल रही कैथ लैब में दस्तक दी।
अस्पताल में आकर जहां संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की, वहीं स्वास्थ्य विभाग यानी नोडल अधिकारी से भी कैथ लैब से जुड़ा रिकॉर्ड उपलब्ध करवाने के लिए बोला। टीम ने 2018 से 2022 तक का पूरा रिकॉर्ड मांगा है।
हालांकि वह रिकॉर्ड लेने के आई थी लेकिन संबंधित अधिकारियों ने रिकॉर्ड देने के लिए समय मांगा है। इसलिए विशेष टीम ने एक मेल स्वास्थ्य विभाग तो दूसरी मेल कैथ लैब के अधिकारियों को दी। टीम ने कैथ लैब में आयुष्मान कार्ड, अनुसूचित जाति और बीपीएल कार्ड आदि के तहत उपचार करवाने वालों का डाटा मांगा है।
यह था पूरा मामला
दरअसल, मेडिट्रिना अस्पताल के संचालक पर फरीदाबाद में एसीबी ने मामला दर्ज किया है। आरोप है कि अस्पताल में आयुष्मान कार्ड, अनुसूचित जाति और बीपीएल कार्ड व निशुल्क उपचार करवाने वालों मरीजों से इलाज के बदले पूरे पैसे लिए गए, बल्कि उनके बिलों का सरकार भी भुगतान करवाकर डबल मुनाफा कमाया गया है। हालांकि इसको लेकर एसीबी जांच कर रही है।