अंबाला सिटी। नशीले पदार्थों से संबंधित मामलों के लिए बनी फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई जारी है। कोर्ट में रोजाना करीब 20 से 25 मामलों की सुनवाई हो रही है। हालांकि अभी तक किसी बड़े मामले में फैसला नहीं हुआ है।
दरअसल, पंजाब से सटे और नशे के बढ़ते मामलों को देखते हुए अंबाला में एनडीपीएस की विशेष अदालत के गठन का निर्णय लिया था। 28 अप्रैल से इस कोर्ट में मामलों की तेजी से सुनवाई चल रही है। जिसमें अभी तक 900 मामले आ चुके हैं।
पहले क्षेत्रों में होती थी सुनवाई
फास्ट ट्रैक कोर्ट बनने से पहले नशा तस्करी से संबंधित मामलों की सुनवाई अलग- अलग थाना क्षेत्र से संबंधित कोर्ट में होती थी। इससे अन्य मामलों के कारण समय भी अधिक लगता था। इसके साथ मामलों की सुनवाई भी देरी से होती थी। इस कोर्ट के बनने से ऐसे मामलों की सुनवाई में भी तेजी मिलेगी।
पंजाब से होती है संदिग्ध गतिविधियां
अंबाला का एक बड़ा हिस्सा पंजाब सीमा से लगता है। जहां से नशीले पदार्थों की सप्लाई होती है। इस कारण यहां पर नशे करने वालों की संख्या भी बढ़ रही है। जिसमें युवा सबसे अधिक संख्या में हैं। इन क्षेत्रों से संदिग्ध आसानी से नशीले पदार्थ लेकर आते हैं और अंबाला के कई क्षेत्रों में बेचते हैं।इन्हीं कारणों से यह विशेष कोर्ट अंबाला में बनाई है। इससे नशे के जुड़े मामलों में तेजी से कार्रवाई हो सके।