अंबाला। यात्रियों की डिमांड को देखते हुए अंबाला छावनी बस अड्डे से रोजाना गुरुग्राम के लिए स्पेशल बस चलाई जाएगी। यह स्पेशल बस सोमवार से सुबह साढ़े पांच बजे रोजाना बस अड्डे से रवाना होगी। इस बस के चलने से गुरुग्राम में कंपनियों में काम करने वाले लोगों को सीधा फायदा होगा। कैबिनेट मंत्री अनिल विज के पास पहले भी इस रूट को लेकर काफी शिकायतें आ रही थी। यह बस मंत्री अनिल विज के प्रयासों से चलाईं जा रही है। लगातार इस रूट पर यात्रियों की डिमांड आ रही थी। अगर इस रूट पर सुबह के समय यात्रियों की संख्या बढ़ी, तो बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
गुरुग्राम के लिए दिल्ली या अन्य रूट से जाना पड़ता था
यात्रियों को पहले गुरुग्राम जाने के लिए वाया दिल्ली या फिर अन्य रूट से होकर जाना पड़ता था। इससे कई बार यात्री लंबा रूट होने के कारण काफी देरी से पहुंचते थे। ऐसे में अब यात्रियों के लिए यह स्पेशल बस काफी उपयोगी सिद्ध होगी। इस बस के संचालन से रोडवेज के राजस्व में भी बढ़ौतरी होगी।
इन रूट से होकर जाएगी स्पेशल बस
रोडवेज ने इस बस में सफर करने वालों यात्रियों के लिए गुरुग्राम तक का 424 रुपये किराया तय किया है। यह बस अंबाला कैंट से शाहबाद, पीपली, नीलोखेड़ी, तरावड़ी, करनाल, मधुबन, घरौंडा, पानीपत, समालखा, गनौर, मुरथल, भालगढ़, राई, बादली होते हुए गुरुग्राम पहुंचेगी।
अंबाला छावनी बस अड्डे से गुरुग्राम के लिए रोजाना सुबह साढे़ पांच बसे अतिरिक्त बस चलाई जा रही है। इस बस से गुरुग्राम कंपनियों में काम करने वाले लोगों को फायदा होगा।
अश्वनी डोगरा, महाप्रबंधक, रोडवेज विभाग, अंबाला।