अंबाला में सात साल के एक बच्चे ने अपने पिता अश्लील हरकतें और विरोध करने पर परिजनों संग मारपीट करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
बच्चे ने यह शिकायत पहले चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को लिखित में दी। कमेटी की सिफारिश पर सदर थाना ने प्रीवेंशन ऑफ सेक्सुअल क्राइम अंगेस्ट चाइल्ड एक्ट के तहत पिता और अन्य परिजनों पर केस दर्ज कर लिया है। बच्चा पुलिस लाइन के पास एक प्राइवेट स्कूल का छात्र है।
जानकारी के अनुसार करीब चार दिन पहले एक बालक चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के कार्यालय में पहुंचा। बच्चे ने क्लास की नोटबुक के पेज पर अपने हाथों से शिकायत लिखी हुई थी।
कमेटी के सदस्य भी बच्चे की शिकायत पढ़कर दंग रह गए और उस बच्चे से सारा वाक्या पूछा। उसके बाद उस बच्चे को वापस भेज दिया गया। चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सदस्यों ने इस बारे में विचार विमर्श कर लिखित शिकायत सदर पुलिस को दे दी। पुलिस ने वीरवार देररात केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये लिखा है शिकायत में
नोटबुक पर लिखी शिकायत में बच्चे ने कहा कि विवाद के कारण उसके माता-पिता अलग रहते हैं। वह अपने पिता के साथ रहता है। बच्चे का आरोप है कि उसके पिता हमेशा उसके साथ अश्लील हरकतें करते हैं। इनकार करने पर उसकी पिटाई करते हैं। उसके चाचा-चाची व अन्य परिजन भी पिता का ही साथ देते हैं और वह भी उसकी पिटाई करते हैं।