अंबाला शहर के सिविल अस्पताल के बाहर वीरवार को पॉलीटेक्निक के दो छात्रों पर कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से हमला बोल दिया।
हमले में एक युवक को तेजधार हथियार से बुरी तरह घायल हो गया, जबकि दूसरे युवक को पीट पीटकर नाले में फेंक दिया। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां वह उपचाराधीन है। जबकि स्थानीय पुलिस का कहना है कि अभी उनके पास इस बारे में कोई शिकायत नहीं आई है।
जानकारी के अनुसार दोनों घायल युवक राजकीय पालीटेक्निक की फाइनल ईयर के छात्र है। दोनों युवक रिफ्रेशमेंट लेने के लिए सिविल अस्पताल की कैंटीन में आए थे।
रिफ्रेशमेंट लेने के बाद दोनों युवक अस्पताल से बाहर निकल रहे थे। तभी वहीं सिविल अस्पताल के ठीक सामने कुछ युवकों ने तेजधार हथियारों से दोनों युवकों पर हमला बोल दिया।
इस दौरान हमलावरों ने दोनों छात्र युवकों की जमकर धुनाई की और एक युवक को पीटते-पीटते नाले में फेंक दिया। जबकि दूसरे युवक तेजधार हथियार से घायल हो गया। ये नजारा देख रहे लोगों में एकदम हड़कंप की स्थिति मच गई। हमलावर युवक वहां से शोर मचाते हुए फरार हो गए।
उधर, दोनों घायल युवकों को उठाकर शहर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां वह उपचाराधीन है। वहीं स्थानीय पुलिस का कहना है कि इस मामले वह शिकायत का इंतजार कर रहे हैं। शिकायत आने के बाद ही वे आगामी कार्रवाई करेंगे।
कुछ दिन पहले भी हुआ था झगड़ा
कुछ दिन पहले भी राजकीय पालीटेक्निक के एक छात्र पर कुछ युवकों ने हथियारों से हमला कर दिया था। जिसमें युवक घायल हो गया था। युवक का कहना था कि उसे रैंगिंग के लिए मजबूर किया जा रहा था। मना करने पर उसकी पिटाई की गई।
उधर, दूसरी घटना सिविल अस्पताल के भीतर भी कुछ युवकाें ने एक पालीटेक्निक के स्टूडेंट और एक आउटसाइडर पर हथियारों से हमला बोल दिया। जिससे दोनों घायल हो गए। अब फिर से पालीटेक्निक के दो युवकों पर फिर से हथियारों से हमला हो गया है।