नारायणगढ़। अंबली गांव में 5 जनवरी को दोपहर 12 बजे सैनी चौपाल में सोलर दरबार लगाया जाएगा। जिन परिवारों की वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है व उनके द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को अपनाते हुए घरों की छतों पर सोलर सिस्टम लगवाया है, उनको केंद्र सरकार की ओर से 2 किलोवाट रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाने पर 60 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हो चुकी है और अब उन्हें दरबार में राज्य सरकार की ओर से घोषित 2 किलोवाट पर 50 हजार रुपये की सब्सिडी के चेक प्रदान किए जाएंगे।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार गोयल ने बताया कि दरबार में अंबाला के अधीक्षक अभियंता विनोद कुमार गोयल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। दरबार में क्षेत्र के उपभोक्ता सोलर रूफटॉप सिस्टम के विषय में किसी भी प्रकार की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं व दरबार में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण द्वारा अधिकृत वेंडर भी उपस्थित रहेंगे। भाजपा जिला उपाध्यक्ष संदीप सैनी अंबली ने कहा कि गांव में सोलर दरबार लगाने से क्षेत्र की जनता को सोलर सिस्टम के विषय में जानकारी मिलेगी व क्षेत्र की जनता से अपील की है, इस दरबार का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। संवाद