राजस्थान, मध्यप्रदेश के बॉर्डर से सस्ते दामों में लाकर हरियाणा में सप्लाई करता था। गुप्ता सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने नशा पकड़ा है। रिमांड लेकर पुलिस अनसुलझे राज उगलवाएगी।
हरियाणा के अंबाला में अंबाला-हिसार रोड स्थित नग्गल थाना क्षेत्र से ट्रक पर तिरपाल की आड़ में 3 क्विंटल 40 किलो चूरापोस्त ले जा रहा नशा तस्कर एंटी नारकोटिक सेल के हत्थे चढ़ गया। चौंकाने वाली बात यह है कि यह चूरापोस्त राजस्थान व मध्यप्रदेश बॉर्डर से लाया जा रहा था। रास्ते में पड़ने वाली चेकिंग पोस्ट को भी इसकी कानोंकान भनक तक नहीं लगी।
विज्ञापन
आरोपी ड्राइवर की पहचान करनाल के गांव जलमाना निवासी कुलविंदर के रूप में हुई। पुलिस अधीक्षक जश्नदीप रंधावा ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी से पता लगाया जाएगा कि आखिर वह कहां से यह चूरापोस्त लाया था और कहां-कहां सप्लाई होना था।
पुलिस की प्राथमिक जांच में पाया गया है कि वह नशा सस्ते दामों में लाकर जगह-जगह बेचता था। ट्रक का मालिक कोई और पाया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच में पता लगाया जाएगा कि आखिर ट्रक मालिक को इसका पता था या नहीं।
विज्ञापन
इसके अलावा नशा तस्कर के तार ढाबा संचालकों से होने की भी आशंका है। हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जाएगा। बता चला है कि वो दो हजार किलो में लाकर यहां पर करीब तीन हजार में बेचता था।