बराड़ा। उपमंडल रोजगार कार्यालय में बुधवार को सक्षम युवाओं ने जमकर बवाल काटा। सक्षम युवाओं ने रोजगार विभाग से अनुभव प्रमाणपत्र बनाकर देने की गुहार लगाई। युवाओं के अलावा इस प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल रहीं। युवाओं ने प्रमाणपत्र की मांग को लेकर रोजगार अधिकारी डॉ. अरूण कुमार को एक ज्ञापन भी दिया। कार्यालय के सामने रोष जता रहे सक्षम युवाओं का कहना है कि हरियाणा राज्य के सक्षम युवा बेरोजगार हैं। रोजगार विभाग की ओर से अलग-अलग विभागों में कार्य करने को दिया जाता है। जिसके बदले उन्हें मानदेय प्राप्त होता है।
दूसरी ओर, जब उन्हें अपने किए गए कार्य के अनुभव प्रमाणपत्र की आवश्यकता होती है तो मना कर दिया जाता है। संबंधित विभाग कहता है कि आपको रोजगार विभाग ने भेजा है, आपको अनुभव प्रमाणपत्र वहीं से मिलेगा। जब वह रोजगार विभाग के पास जाते हैं तो यहां से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलता।
सक्षम युवा आशा, सपना, नेहा, काजल, कोमल, हिमानी, रजनी बाला, बेबी, मनदीप, अमित, कर्णजीत, दीपा, सोनिया, पूजा, पल्लवी, मीनाक्षी, निशा, अनुराधा, नीरू, रूमा रानी, आरती, दामिनी, डिंपल, कुसुम, मीना, निर्मल, मोहन, आरती आदि का कहना है कि हरियाणा में कौशल रोजगार निगम की ओर से भर्ती निकाली गई है। जिसमें अप्लाई करने के लिए अनुभव प्रमाणपत्र की जरूरत होती है। उन्होंने काम तो कई विभागों में कर रखा है, लेकिन किसी भी विभाग का अनुभव प्रमाणपत्र उनके पास नहीं है। इस कारण वे परेशान हैं।
उपमंडल रोजगार अधिकारी बोले- उनके पास कोई आदेश नहीं
सक्षम युवाओं के ज्ञापन मिलने के बाद उपमंडल रोजगार अधिकारी डॉ. अरूण कुमार ने बताया कि सक्षम युवा कई विभागों में मानदेय पर काम करते हैं। अभी तक उनके पास अनुभव प्रमाणपत्र बनाने का कोई आदेश नहीं है। सक्षम युवाओं से प्राप्त ज्ञापन को विभाग के अधिकारियों को भेजा जाएगा। इस बारे में विभाग के अधिकारी जो भी निर्णय लेंगे, उसके आधार पर आगामी कार्यवाही की जाएगी।