अंबाला। अंबाला रेल मंडल के अधीन कालका रेलवे स्टेशन पर 12 मीटर के रेलवे पुल को स्थापित किया जाएगा ताकि यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। यह कार्य 14 और 15 जुलाई को किया जाएगा।
इस कार्य को लेकर रेलवे ने ब्लॉक लेने का फैसला किया है ताकि पुल को बेस पर रखने का कार्य सुरक्षित ढंग से पूर्ण हो सके। इस कारण शताब्दी सहित आधा दर्जन ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
दो ट्रेनें रद्द : ट्रेन नंबर 54531 व 32 कालका-अंबाला-कालका का संचालन 14 जुलाई को नहीं होगा।
बीच रास्ते रद्द : नई दिल्ली से कालका के बीच चलने वाली शताब्दी ट्रेन नंबर 12011 का संचालन 14 जुलाई को चंडीगढ़ तक किया जाएगा। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 12005 नई दिल्ली-कालका का संचालन भी चंडीगढ़ तक किया गया है। जबकि दिल्ली-कालका के बीच चलने वाली ट्रेन नंबर 14331 अंबाला स्टेशन तक आएगी।