संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। बारिश के बाद से ही बराड़ा के लोग पीलिया से पीडि़त नजर आ रहे हैं। पिछले दिनों जहां कई कॉलोनियों में पीलिया से पीड़ित मरीज पाए गए वहीं, वार्ड नंबर 16 की एक ही गली से एक साथ 6 लोगों में पीलिया के लक्षण पाए जाने से स्थानीय निवासियों में भय का माहौल पैदा हो गया।
वार्ड पार्षद गुरजिंदर सिंह ने संबंधित विभाग को स्थिति से अवगत कराया। सूचना मिलते ही नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पानी के सैंपल एकत्रित किए। टीम ने इलाके में पानी की सप्लाई लाइन और सीवरेज सिस्टम की जांच भी की, ताकि बीमारी के फैलने के कारणों का पता लगाया जा सके।
यह लोग हैं बीमार : जानकारी के अनुसार वार्ड निवासी मनप्रीत कौर, सुरजीत कौर, अवनीत, कुलवंत सिंह, गुरमीत कौर, परमजीत कौर, चरणजीत कौर, मुख्तियार सिंह, शिवम, हरविंदर सिंह, दया कई दिन से बीमार हैं, जिनमें पीलिया के शिकायत बताई जा रही है।
पेयजल के सैंपल लिए : वहीं बराड़ा एएसएमओ डॉ. बीरबल सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर उनकी टीम मौके पर पहुंची और घरों से पेयजल के सैंपल लेकर लैब में भेज दिए हैं।
वहीं बीमार लोगों के टेस्ट कराए गए, जिनमें प्राथमिक जांच में पीलिया के लक्षण पाए गए। वार्ड के लोगों को दवाइयां दी गई और उन्हें बताया गया कि पानी उबालकर पीएं और पानी की टंकी भी साफ रखें। वहीं, जलापूर्ति एवं जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ सुभाष चंद्र ने कहा कि ज्यादातर अवैध कनेक्शन के कारण दूषित पानी आता है, इसलिए विभाग ने बराड़ा के सभी इलाकों को अवैध कनेक्शन काट दिए हैं। वार्ड 16 में कल सुबह विभाग की टीम भेज देंगे, जो भी कमी होगी दूर करेंगे और लोगों की मांग पर पानी के टैंकर मुहैया करवा देंगे।