अंबाला सिटी। बस स्टैंड स्थित चार्जिंग स्टेशन पर रविवार मध्यरात्रि चार्ज हो रही इलेक्ट्रिक बस के पास लगे बिजली के पोल में तार गर्म होने पर अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि आग ने विकराल रूप नहीं लिया, अन्यथा परिसर में खड़ी बसों को भारी नुकसान पहुंच सकता था। इसके बाद कर्मचारियों और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने खराब तार को ठीक कर सुचारू रूप से चलाया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात को इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन पर चार्ज की जा रही थी। तभी स्टेशन के पास स्थित ट्रांसफार्मर के बगल वाले बिजली के पोल पर तारों के जॉइंट में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते तारों से चिंगारियां और आग की लपटें निकलने लगीं। ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत तत्परता दिखाई, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।शॉर्ट सर्किट की इस घटना के बावजूद सोमवार सुबह बसों के परिचालन पर ज्यादा असर नहीं पड़ा। चार्जिंग स्टेशन पर मौजूद तकनीकी स्टाफ ने स्थिति को संभाला। जो बसें 60, 70 और 80 प्रतिशत तक चार्ज हो चुकी थीं, उन्हें तुरंत रूटों पर रवाना किया। संवाद