अंबाला सिटी। किराये पर चल रहीं नगर निगम की दुकानों का किराया जमा नहीं कराने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई होगी। पहले भी निगम दुकानदारों को दो से तीन बार नोटिस भी दे चुका है। इसके बावजूद किराया जमा नहीं कराया गया। अब निगम दुकानों को सील करने की कार्रवाई करने जा रहा है।
निगम की ओर से दुकानदारों को 31 मार्च तक किराया जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
निगम अधिकारियों ने बताया कि कुछ दुकानदारों की ओर से नियमित तौर पर निगम की दुकानों का किराया समय पर जमा नहीं करवाया जा रहा है और उनके पर अब किराए की ज्यादा राशि बकाया हो गई है। इसमें मुख्य रूप से विकास विहार, आदर्श मार्केट, न्यू क्लाथ मार्केट और अंबा मार्केट के दुकानदार शामिल हैं।निगम संयुक्त आयुक्त अदिति ने बताया कि अगर दुकानदारों ने 10 दिन के अंदर बकाया राशि जमा नहीं करवाई तो दुकानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि पहले भी निगम की ओर से दुकानदारों को नोटिस देने की कार्रवाई की है। उसके बाद कई दुकानदारों ने किराया जमा करवाया था। अब फिर निगम ने दुकानों से किराया वसूलने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।