नारायणगढ़। गोयल स्वीट्स एंड रेस्तरां पर 25 मई को हुई फायरिंग के मामले में वीरवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद तीसरे शूटर रोहित को गिरफ्तार कर लिया है।
इस दौरान आरोपी की ओर से चलाई गई एक गोली हेड कांस्टेबल राजेश कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी और वह बाल-बाल बच गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में रोहित के दाएं पैर में गोली लगी तो दूसरे पैर पर छूकर निकली गई।
नारायणगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी को अंबाला सिटी के नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां वह पुलिस पहरे में उपचाराधीन है। इस मामले में पुलिस 3 जून को लुधियाना के प्रदीप और 4 जून को मुठभेड़ में प्रीत को गिरफ्तार कर चुकी है।
गोयल स्वीट्स एंड रेस्तरां पर 25 मई को हुई फायरिंग के मामले में एसटीएफ की टीम पटियाला के भरत नगर तसगलपुर गांव निवासी 20 वर्षीय रोहित की तलाश कर रही थी। एसटीएफ अंबाला प्रभारी इंस्पेक्टर प्रतीक कुमार को वीरवार को सूचना मिली थी कि आरोपी रोहित किसी के इंतजार में हाईवे के किनारे खड़ा है। इस पर टीम ने हाईवे किनारे खड़े शूटर रोहित को देखकर घेराबंदी कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपनी पिस्टल से एक के बाद एक पांच फायर टीम पर कर दिए।
नारायणगढ़ के शाहपुर श्मशान घाट के निकट आरोपी से मुठभेड़ हुई। आरोपी रोहित पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं। उधर, गोलीकांड के बाद सीन ऑफ क्राइम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुराग जुटाए। टीम ने आरोपी से पिस्टल भी बरामद कर ली।
विदेशी नंबर से रोहित की वेंकट से हुई थी व्हाट्सएप पर बात : पुलिस की जांच में सामने आया है कि पटियाला के भरत नगर निवासी रोहित की विदेशी नंबर के जरिये व्हाट्सएप पर बात हुई थी। उसके कहने पर ही अपने साथियों संग मिलकर
गोलीकांड को अंजाम दिया था। वह किसी ओर वारदात को भी अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। उधर, इसी मामले में सबसे पहले पकड़ा गया आरोपी लुधियाना निवासी प्रदीप ठाकुर भी 3 जून से छह दिन के पुलिस रिमांड पर चल रहा है। ब्यूरो