अंबाला। कैंट थाने के सब इंस्पेक्टर पर पुलिस कस्टडी में युवक की पिटाई व हत्या के आरोप का मामला अभी सुलझा नहीं था कि थाने में बड़ा बदलाव देखने को मिला।
दो माह रहने के बाद कैंट थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर लखबीर सिंह को बदलकर पड़ाव थाने के प्रभारी धर्मबीर को थाने की कमान सौंपी गई है।
हालांकि अंबाला पुलिस द्वारा यह रूटीन प्रक्रिया से जोड़कर बदलाव करने की बात कहीं जा रही है। अंबाला के पुलिस अधीक्षक की ओर से एक साथ छह इंस्पेक्टर को इधर से उधर किया गया है। जबकि इंस्पेक्टर लखबीर सिंह को बदलकर ग्राम प्रहरी, कबूतरबाजी सेल और फीडबैक सेल प्रभारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। पुलिस लाइन से निरीक्षक देवेंद्र कुमार को थाना पड़ाव का जिम्मा सौंपा गया है।
इसके अलावा निरीक्षक राजबीर यादव को ग्राम प्रहरी और कबूतरबाजी सेल से हटाकर साइबर क्राइम प्रभारी की कमान सौंपी गई। साइबर क्राइम थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार को पुलिस लाइन भेजा गया है। इसी प्रकार पुलिस लाइन से निरीक्षक राजेश को लाइन ऑफिसर का जिम्मा सौंपा गया। संवाद