कोरोना की दूसरी लहर के बीच ट्रेनों में अब सिर्फ वही यात्री सफर कर रहे हैं, जिनका सफर बेहद जरूरी है। ज्यादातर लोग सफर से परहेज कर रहे हैं। यही कारण है कि देश की लंबी दूरी की ट्रेनों सहित प्रीमियम ट्रेन शताब्दी को भी सिर्फ 20 फीसदी ही यात्री मिल रहे थे। इसलिए रेलवे ने फैसला किया है कि 1 मई से 3 जोड़ी ट्रेनों को रद्द रखा जाएगा। इसमें नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी, नई दिल्ली-चंडीगढ़ शताब्दी व कालका-शिमला ट्रैक पर चलने वाली टॉय ट्रेन शामिल हैं।
यूपी, झारखंड बिहार जाने वाली ट्रेन फुल
वहीं पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, उत्तराखंड और यूपी आदि से आम लोगों सहित प्रवासी श्रमिकों की वापसी हो रही है। इस वजह से यूपी, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल की तरफ जाने वाली ट्रेन पूरी तरह फुल चल रही हैं।
24 अप्रैल को भी रद्द हुई थी 3 जोड़ी ट्रेन
यात्री न मिलने के कारण रेलवे ने 24 अप्रैल से 3 जोड़ी ट्रेनों को रद्द कर दिया था। इसमें नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी ट्रेन नंबर 04053/04054, शिमला-कालका स्पेशल टॉय ट्रेन 04517/04518 और अंबाला छावनी-श्री गंगानगर स्पेशल ट्रेन नंबर 04525/04526) ट्रेनों शामिल थी।
उत्तर रेलवे सीपीआरओ दीपक कुमार ने बताया कि ट्रेनों में लगातार कम हो रही यात्रियों की संख्या को देखते हुए ट्रेन नंबर 02013 नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी को एक मई से आगामी आदेशों तक रद्द रखा जाएगा। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 02014 अमृतसर-नई दिल्ली शताब्दी 2 मई से, वहीं ट्रेन नंबर 02046/02045 चंडीगढ़-नई दिल्ली-चंडीगढ़ शताब्दी सहित ट्रेन नंबर 04527 /04528 कालका-शिमला-कालका टॉय ट्रेन एक मई से आगामी आदेशों तक रद्द रहेंगी।