छावनी की होलसेल फल एवं सब्जी मंडी में गेट नंबर दो के पास जमा पानी। संवाद
अंबाला। छावनी की होलसेल फल एवं सब्जी मंडी इन दिनों बदहाल है। सब्जी मंडी के गेट नंबर दो पर सीवरेज का पानी जमा हो रहा है। मंडी में खरीदारी करने आने वाले लोगों को इस बदबूदार पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है। समस्या की मुख्य जड़ लाल कुर्ती क्षेत्र का ब्लॉक सीवरेज है। करीब तीन महीने पहले लाल कुर्ती में गेट नंबर दो के पास नई सड़क बनाई गई थी। सड़क की ऊंचाई बढ़ने और मंडी के गेट का स्तर नीचे रहने के कारण अब सारा गंदा पानी वापस मंडी परिसर में जमा हो रहा है।
पहले यह पानी गली में फैलता था। लेकिन अब मंडी में जमा हो रहा है। सब्जी मंडी में दो मुख्य गेट हैं। गेट नंबर एक बस स्टैंड की ओर है, जबकि गेट नंबर दो लाल कुर्ती की तरफ। गेट नंबर दो के पास जलभराव के कारण पैदल चलने वाले ग्राहकों के लिए मंडी में घुसना दूभर हो गया है। सब्जी विक्रेता राजाराम व कर्म सिंह ने बताया कि इस समस्या से उन्हें रोजाना परेशानी हो रही है । नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंदर नरवाल ने बताया कि सीवरेज के पानी निकासी के लिए जनस्वास्थ्य विभाग को बताया गया है।