अंबाला छावनी की पक्की सराय में लीक हो रहा सीवर। संवाद
अंबाला। छावनी के पक्की सराय क्षेत्र में लोगों को सीवर के गंदे पानी से जूझना पड़ रहा है। वहीं बदबू के कारण उनका जीना मुहाल हो गया है। क्षेत्र वासी कबीर, जोनी, गुरसेवक, गोपाल, कृष्णा व कलावती ने बताया कि सीवर ब्लॅाक हो गया है। शिकायत के बाद जनस्वास्थ्य विभाग की गाड़ी आई और मात्र खानापूर्ति करके चली गई।
यह समस्या पिछले काफी समय से बनी हुई है। विभाग इसका स्थाई समाधान करने की बजाए मात्र दिखावे की कार्रवाई कर रहा है जबकि विभाग के पास दो-दो गाड़ियां मौजूद हैं। उनका कहना है कि अगर जल्द ही उनकी इस समस्या का स्थाई समाधान न हुआ तो वो मामले की शिकायत कैबिनेट मंत्री अनिल विज से करेंगे। जब इस मामले में जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ बलिंदर से बात की गई तो उन्होंने बताया कि गाड़ी मौके पर भेजी गई थी, लेकिन क्षेत्र में अतिक्रमण के कारण गाड़ी आगे नहीं जा पाती और इस कारण सीवर की सही तरीके से सफाई मुश्किल हो रही है। संवाद