साहा। जिला नगर योजनाकार विभाग के दस्ते ने शुक्रवार को अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने फुलेल माजरा गांव में करीब 6 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनी को मलबे में तब्दील कर दिया। फुलेल माजरा के खसरा नंबर 8//22/2/2, 16 सहित अन्य में कुछ लोग बिना अनुमति के अवैध कॉलोनी विकसित कर रहे थे। विभाग को सूचना मिली थी कि यहां सड़कों का जाल बिछाकर और नींव भरकर प्लॉटिंग की जा रही है। शुक्रवार को डीटीपी रोहित चौहान के नेतृत्व में टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और अवैध रूप से बनाई गई सड़कों, चहारदीवारी और नीवों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर डीटीपी रोहित चौहान स्वयं मौजूद रहे। उनके साथ कनिष्ठ अभियंता रविंद्र, हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो के एसएचओ और भारी पुलिस बल तैनात रहा।