अंबाला। मालिक की पेमेंट लेने बाइक पर बद्दी गया नौकर रुपये लेने के बाद फरार हो गया। मालिक ने आरोपी नौकर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। थाना बलदेव नगर पुलिस को दी शिकायत में अरुण गुप्ता ने बताया कि वह माडल टाउन शहर का निवासी है। वह एकेजी मार्केटिंग के नाम से मकान कैलाश नगर माडल टाउन शहर में बिल्डिंग मैटेरियल का काम करता है। उसके पास अदित्य कुमार उर्फ हन्नी निवासी वाल्मीकि मंदिर शहर एक डेढ़ साल से नौकरी करता था। जो नौकरी छोड़कर चला गया था। आदित्य 13 दिसंबर को उनके पास दोबारा नौकरी करने आया। उन्होंने आदित्य को नौकरी पर रख लिया। आदित्य ने बताया कि वह अपने पिता के पास शांति नगर नजदीक जेल चुंगी सहारनपुर यूपी में रह रहा है। आदित्य पार्टियों को माल देने व उनसे रुपये लाने का काम करता था।
उन्होंने सुनील कुमार सिंगला निवासी सेक्टर 8 पंचकूला मालिक श्रीराम इंटरनेशनल प्लाट नंबर 95 इंडस्ट्रियल एरिया बद्दी से पेमेंट लेनी थी। जिसने 14 दिसंबर को उसे कहा कि वह वह अपना कोई नौकर उसके पास डेराबस्सी भेज दो, वह पांच लाख रुपये की रकम दे देगा। इसके बाद उसने अपने नौकर आदित्य को सुनील कुमार के पास डेराबस्सी में भेजा था। नौकर आदित्य नें डेराबस्सी से पांच लाख रुपये रकम लेने के बाद उन्हें कंफर्म करवाया। आदित्य ने कहा कि वह अंबाला आ रहा है। शाम करीब 6 बजे तक इंतजार करने के बाद आदित्य को फोन करके पूछा तो उसने बताया कि वह लालडू पंहुच गया है। काफी इंतजार करने के बाद आदित्य नहीं पहुंचा और वह पांच लाख रुपये व बाइक लेकर फरार हो गया।