अंबाला। सिरसा से आए रिटायर्ड फौजी ने गृहमंत्री को शिकायत देते हुए कहा कि 15 बदमाशों ने उनके घर में घुसकर उससे और पत्नी से मारपीट की। फौजी रोने लगा तो गृहमंत्री ने हौंसला देते हुए कहा तुम्हारी लड़ाई के लिए मैं बैठा हूं, तुम्हें चिंता करने की जरूरत नहीं। उन्होंने इस मामले में सिरसा के एसपी को मामले में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हरियाणा के गृह और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने समस्याओं को सुना और अधिकारियों को निर्देश दिए।
विदेश भेजने के नाम पर ठगी के कई मामले
गृहमंत्री के समक्ष विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के कई मामले आए। इन पर उन्होंने कबूतरबाजी के लिए गठित एसआईटी को कार्रवाई के निर्देश दिए। करनाल निवासी ने उसे कनाडा भेजने के नाम पर 10 लाख की ठगी की शिकायत दी। उसने बताया आरोपियों ने उसे वर्क वीजा का झांसा दिया था, मगर विदेश भेजा न पैसे लौटाए। इसी तरह कैथल निवासी फरियादी ने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी करने, कुरुक्षेत्र निवासी फरियादी ने बताया कि एजेंट ने उसे कोरिया भेजने का झांसा दिया था और उससे छह लाख रुपये की ठगी की।
करनाल से आई महिला ने बताया कि एजेंटों ने उसके पूरे परिवार को इंग्लैंड में वर्क वीजा पर भेजने का झांसा देकर उनसे 34 लाख रुपये की ठगी की। वहीं कुरुक्षेत्र निवासी परिवार ने बताया कि उनके पूरे परिवार को एजेंटों ने यूके भेजने के नाम पर उससे 20 लाख रुपए ठगी की। सौदा 60 लाख में तय हुआ था, मगर उसने 20 लाख रुपये दिए थे। शक होने पर उसने शेष रकम नहीं दी। इसी प्रकार करनाल निवासी युवक ने उसे अमेरिका भेजने के नाम पर एजेंट द्वारा 16 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दी जबकि जींद निवासी महिला ने उसे व उसके पति को टूरिस्ट वीजा पर अमेरिका भेजने के नाम पर 16 लाख रुपये की ठगी की शिकायत दी।
कुरुक्षेत्र पुलिस की कार्यप्रणाली से खफा
गृहमंत्री को दंपती ने बताया कि उनकी नाबालिग बच्ची कुछ दिनों से लापता है। वह पेपर देने निकली थी, इसके बाद नहीं लौटी। उनका आरोप था कि पुलिस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। गृहमंत्री ने इस मामले में अब तक कार्रवाई नहीं करने वाले संबंधित थाने के एसएचओ से भी जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
इन मामलों पर कार्रवाई के निर्देश
यमुनानगर से आए परिवार ने गृह मंत्री को बताया कि उनके बेटे पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया था ,इसके बाद अब तक पुलिस ने आरोपियों को नहीं पकड़ा है। इस पर गृह मंत्री ने एसपी यमुनानगर को कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं करनाल निवासी महिला ने उनसे जमीनी धोखाधड़ी मामले में कार्रवाई की मांग, रोहतक से आई महिलाओं ने प्रापर्टी डीलर द्वारा उन्हें गलत प्लाट देने, पानीपत से आई युवक ने उसके भाई की मौत के मामले में पानीपत जीआरपी द्वारा कार्रवाई नहीं करने, पलवल से आए बुजुर्ग दंपति ने बेटे व बहू पर उन्हें घर से बाहर निकालने की शिकायत दी। इसके अलावा फतेहाबाद निवासी महिला द्वारा उसे ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित करने, कैथल निवासी युवक ने उसे रेलवे में नौकरी लगाने के नाम पर 36 लाख रुपये ठगी करने की जींद निवासी व्यक्ति द्वारा उसके बेटे की हत्या मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने, पानीपत निवासी फरियादी द्वारा उसकी जमीन पर कब्जा करने, कैथल निवासी किसान द्वारा उसकी अधिग्रहण की गई जमीन का मुआवजा नहीं मिलने एवं अन्य कई मामले सामने आए। सभी पर गृह मंत्री ने अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।