अंबाला। डोमेस्टिक एयरपोर्ट की चाक-चाैबंद सुरक्षा को लेकर आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं जोकि यात्रियों के सामान की जांच करने में तो सक्षम हैं, वहीं छोटी से छोटी वस्तु को भी स्क्रीन के माध्यम से खंगालने में माहिर हैं। एयरपोर्ट में लगे सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण रविवार को हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने किया। इस दौरान उनके साथ डीसी अजय तोमर, नगर निगम आयुक्त सचिन गुप्ता एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
विज ने बताया कि डोमेस्टिक एयरपोर्ट में सुरक्षा के लिए कोलकाता से मल्टीपल सिक्योरिटी उपकरण अंबाला छावनी में पहुंच चुके हैं। अधिकारियों ने कैबिनेट मंत्री को बताया कि इन उपकरणों में अंडर व्हीकल सर्च मिरर के अलावा विस्फोटक जांच, ड्रग चैक एवं अन्य तरह के आधुनिक उपकरण शामिल हैं। कैबिनेट मंत्री ने बताया कि डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर यात्रियों के सामान को चैक करने के लिए दो एक्सरे मशीन भी स्थापित कर दी गई हैं। एक मशीन हैंड बैग और दूसरी से लगेज चैक होंगे। एयरपोर्ट पर उन्होंने मशीनों को भी चैक किया।
स्टाफ की जल्द होगी तैनाती
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने मौके पर मौजूद डीसी अजय तोमर को डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर स्टाफ की शीघ्र तैनाती को लेकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि डीसी सेंट्रल एविएशन और स्टेट एविएशन मंत्रालय से बातचीत करें ताकि स्टाफ को जल्द तैनात किया जा सके। इसके अलावा एयरपोर्ट पर साफ सफाई पूरी तरह से बेहतर करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा एयरपोर्ट पर शौचालयों, वेटिंग रूम, हॉल, पार्किंग व आउटर एरिया की पूरी सफाई नियमित तौर पर होनी चाहिए। इसी प्रकार एयरपोर्ट पर पानी की सप्लाई को लेकर पब्लिक हेल्थ विभाग के एक्सईएन को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा किसी कार्य में कोई रुकावट न आए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए। एयरपोर्ट पर खाली भूमि पर पीडब्ल्यूडी व बागवानी विभाग को भी सुंदर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा पूरे क्षेत्र में अच्छे पौधे लगाकर इसे पूरी तरह से खूबसूरत बनाया जाए।
कई शहरों के लिए प्रारंभ होगी विमान सेवा
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अंबाला छावनी में डोमेस्टिक एयरपोर्ट स्थापित हो सका है। यहां से जल्द विमान सेवा प्रारंभ होगी। विमान सेवा प्रारंभ करने को लेकर कैबिनेट मंत्री विज ने कुछ समय पूर्व केंद्रीय विमानन मंत्री राम मोहन नायडू से मुलाकात की थी। इसके बाद तुरंत प्रभाव से इस कार्य ने तेजी पकड़ी और यहां की व्यवस्थाएं पूरी की गई। एयरपोर्ट की सभी इमारतें पूरी तरह से तैयार हैं। यहां सुरक्षा स्टाफ भी तैनात हो चुका है। अंबाला छावनी डोमेस्टिक एयरपोर्ट से पहले देश के चार प्रमुख स्थानों जम्मू, अयोध्या, श्रीनगर और लखनऊ के लिए फ्लाइट शुरू हो रही है।