अंबाला सिटी। बीते दो दिनों से रूक- रूककर हो रही बारिश ने सेक्टरवासियों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। सेक्टर से संबंधित एसोसिएशन बरसाती नालों और सीवर की समस्या से जूझ रही है। सेक्टर एसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना है कि बरसाती पानी और सीवर की समस्या से संबंधित सवा चार करोड़ का टेंडर निगम प्रशासन की ओर से जारी किया है। टेंडर होने के बाद भी सेक्टरों में कार्य प्रारंभ नहीं किए, जबकि सेक्टरवासी हल्की बरसात से ही काफी परेशान चल रहे हैं।
सवा चार करोड़ का लगाया टेंडर
सेक्टर-9 एसोसिएशन के प्रधान प्रद्युमन सचदेवा ने बताया कि सेक्टर-8, 9 व 10 में काफी लंबे समय से सीवरेज व बरसाती पानी की समस्या से स्थानीय लोग परेशान चल रहे हैं। सेक्टरवासियों की समस्या का समाधान करने के लिए निगम प्रशासन ने सवा चार करोड़ का टेंडर लगा दिया है। जिससे बरसाती नालों की सफाई व बनाए गए पंपिंग जोन में लगाई गई मोटरों की पॉवर क्षमता को बढ़ाया जाएगा।
लाखों का हो चुका है नुकसान
सेक्टर-9 के स्थानीय निवासी भारतभूषण अग्रवाल ने बताया कि सेक्टर-9 में सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह से फेल चल रही है, वहीं बरसाती पानी की निकासी के लिए संबंधित प्रशासन के पास कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। बीते करीब बरसाती सीजन में लोगों को बरसाती पानी के कारण लाखों को नुकसान हुआ था। लोगों के घरों में एक से ढाई फीट तक पानी घुस गया था।