- लोग बोले- शिकायत के बावजूद समस्या का नहीं हो रहा समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। सेक्टर-8 पुराने सेक्टरों में से एक है। इस सेक्टर में अब तक मूलभूत सुविधाएं भी लोगों को नहीं मिल रही है। सेक्टर की मुख्य सड़कें टूटी हैं और गंदगी का आलम है। ग्रीन बेल्ट में लगी ग्रिल भी गायब होने लगी हैं। सेक्टर में सबसे बड़ी समस्या बरसाती पानी की है। यहां रेलवे रोड के पास से गुजर रहा नाला टूटने के कारण सेक्टर में बरसाती पानी मार करता है। इस नाले को बनाने के लिए नगर निगम की ओर कोई समाधान नहीं किया गया है। वहीं, सेक्टर-8 अर्बन एस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
मुख्य सड़क टूटी पड़ी, ग्रीन बेल्ट के पास गंदगी फैली
सेक्टर-8-9 की डिवाइडिंग रोड की हालत बेहद खराब है। यहां सड़क काफी हद तक बन चुकी है, लेकिन अभी भी इस सड़क का कार्य अधूरा पड़ा है। सेक्टर-9 से सेक्टर-8 की ओर तरफ नई अनाज मंडी की तरफ जाने वाली सड़क की हालत भी खराब है। यहां लगे गेट के पास सड़क टूटी पड़ी है। सेक्टर-8 में ग्रीन बेल्ट में लगी ग्रिल कई जगह से गायब होने लगी है। ग्रीन बेल्ट और बाहर सड़क की तरफ गंदगी फैलने से सड़क की बुरी हालत है। एचएसवीपी की बनी नई व्यावसायिक मार्केट की तरफ ज्यादा गंदगी फैली हुई है। यहां लंबे समय से सफाई भी नहीं की गई है। सड़कों के टेंडर होने के बाद भी अभी तक कार्य अधूरा है। इस सेक्टर में नई अनाज मंडी की तरफ रेलवे लाइन लगती है। इस तरफ से बरसाती सीजन में पानी मार करता है, इसका कारण यह है कि यहां रेलवे लाइन की तरफ नगर निगम का नाला टूटा पड़ा है। इस नाले को ठीक करने की तरफ निगम की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे सेक्टरवासी नुकसान झेलते हैं। सेक्टर-8 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में तो बरसाती पानी जमा होने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है।
सेक्टर में कटे हुए 1 हजार से ज्यादा प्लाॅट, 200 खाली भी पड़े
यह सेक्टर मानव चौक से होते हुए नई अनाज मंडी और सेक्टर-9 की डिवाइडिंग रोड से होते हुए काफी क्षेत्र कवर करता है। इस सेक्टर में करीब 1 हजार प्लाट कटे हुए हैं और 200 से ज्यादा प्लाट खाली भी पड़े हैं। खाली प्लाट में गंदगी होने से आसपास के लोगों को दिक्कत भी आती है। एचएसवीपी की ओर से भी खाली प्लाटों को लेकर कार्रवाई नहीं की जाती।
रेलवे लाइन के पास नाला टूटा हुआ है। इस वजह से बरसाती पानी सेक्टर में जमा हो जाता है। जिससे लोगों को काफी नुकसान झेलना पड़ता है। इस समस्या को लेकर निगम की ओर से अभी तक कुछ नहीं किया गया। निगम अधिकारियों को एसोसिएशन ज्ञापन सौंपेंगे। सेक्टर में सड़कों को बनाया जा रहा है।
विनोद बंसल, प्रधान, अर्बन एस्टेट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-8