अंबाला सिटी। 3 मई को नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रस टैस्ट (नीट-यूजी) की लिखित परीक्षा होगी। इसे लेकर उपायुक्त एवं जिलाधीश अजय सिंह तोमर ने धारा 163 के तहत एक आदेश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के तहत परीक्षा को नकल रहित व पारदर्शी तरीके से करवाना हैं। जिलाधीश अजय सिंह तोमर ने बताया कि 3 मई को इस परीक्षा के लिए अंबाला शहर व अंबाला छावनी में कुल सात परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर लगभग 3114 परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचेंगे। परीक्षा वाले दिन परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में आने वाली फोटो स्टेट मशीनें, बुक स्टॉल, व अन्य दुकानें सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक बंद रहेंगी, साथ ही परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश पुलिस, परीक्षा करवाने में लगे स्टाफ पर लागू नहीं होंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया यदि कहीं पर भी नियमों की अवहेलना पाई गई तो धारा 223 बीएनएस के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एडीसी रहेंगे नोडल अधिकारी
जिलाधीश ने बताया कि परीक्षा के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए अतिरिक्त उपायुक्त विराट को नोडल अधिकारी लगाया गया है, वहीं केवीके के प्रधानाचार्या अजीत यादव को कोआर्डिनेटर लगाया गया है। इस परीक्षा के तहत पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय नम्बर-2 अंबाला छावनी, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय नंबर-1, पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय नम्बर-3, गांधी मेमोरियल नेशनल कॉलेज, अंबाला छावनी, राजकीय स्नातकोत्तर कॉलेज अंबाला छावनी, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाइन अंबाला शहर व कल्पना चावला महिला राजकीय बहुतकनीकी संस्थान अंबाला शहर में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ पुलिस के भी व्यापक प्रबंध रहेंगे।