संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। जाली नोट प्रकरण में फंसे बुकिंग सुपरवाइजर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। जांच में सहयोग न देने पर अब जीआरपी संबंधित सुपरवाइजर को दूसरा नोटिस जारी करेगी, फिर भी आरोपी ने जांच में सहयोग नहीं किया तो तीसरा व अंतिम नोटिस देकर गिरफ्तारी की कार्रवाई आरंभ की जाएगी। वहीं इस बीच जीआरपी ने शिकायतकर्ता श्रमिकों के बयान दर्ज कर लिए हैं ताकि कोर्ट में मामले की पैरवी और आरोपी के रिमांड के दौरान किसी प्रकार की गलती की गुंजाइश न रहे।
जीआरपी ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ देशद्रोह की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है क्योंकि मामला जाली करेंसी से जुड़ा हुआ है। इसलिए जीआरपी भी इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही व ढील देने के मूड में नहीं है ताकि जांच प्रभावित न हो। इस संबंध में खुद जीआरपी थाना प्रभारी मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।