अंबाला छावनी में हाथीखाना मंदिर के पास डिवाइडर को टक्कर मारने के बाद सड़क पर पलटा कैंटर। संवाद
अंबाला। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने वाले व्यक्ति पर प्राथमिकी दर्ज होगी। नगर परिषद ने इसकी शुरुआत मंगलवार से कर दी है। हाथीखाना मंदिर के पास डिवाइडर को टक्कर मारकर फैंसी लाइट तोड़ने वाले कैंटर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की लिखित शिकायत नगर परिषद द्वारा दी गई है ताकि नुकसान की भरपाई के साथ कैंटर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई हो सके।
सोमवार रात लगभग 12 बजे हादसा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों स्थानीय निवासी अमित व अशोक ने बताया कि कैंटर चालक ने डिवाइडर में टक्कर मारी तो जोरदार आवाज आई और वो अपने घरों से बाहर निकले, उन्होंने देखा कि कैंटर ने डिवाइडर में टक्कर मारने के बाद फैंसी लाइट तोड़ दी और सड़क पर पलट गया। हादसा स्थल से कुछ दूरी पर ई-रिक्शा भी खड़ा था। इसमें कुछ सवारियां भी बैठी थीं जोकि डरी हुई थी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में ई-रिक्शा पर बैठी सवारियां बाल-बाल बच गईं। रंगिया मंंडी निवासी रवि व गौरव आदि ने बताया कि सोमवार रात को यह कैंटर कुलदीप नगर के रास्ते रंगिया मंडी की तरफ आया था। इसका चालक तेज रफ्तार से इसे चला रहा था। पहले उसने रंगिया मंडी में बने नए स्वागत द्वार को भी टक्कर मारनी चाही, लेकिन शोर मचाने पर वो मौके से 12 क्रॉस रोड तरफ भाग गया।
इससे पहले हाथीखाना मंदिर के नजदीक बने डंपिंग जोन में लगे एक टैक्ट्रर-ट्रॉली चालक ने कुछ दिन पहले एक बिजली के खंभे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था। गनीमत रही कि इस दौरान किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। संवाद