नारायणगढ़ के नागरिक अस्पताल का निरीक्षण करतीं एसडीएम। प्रवक्ता
रजिस्ट्रेशन कक्ष में मरीजों की पंजीकरण प्रक्रिया जानी
संवाद न्यूज एजेंसी
नारायणगढ़। एसडीएम शिवजीत भारती ने बुधवार को नागरिक अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन, डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं उपचाराधीन मरीजों से संवाद कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। एसडीएम ने महिला वार्ड में साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता, बेड की स्थिति एवं मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
इसके बाद उन्होंने रजिस्ट्रेशन कक्ष में पहुंचकर मरीजों की पंजीकरण प्रक्रिया, कतार व्यवस्था एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। आपातकालीन कक्ष (इमरजेंसी) में उपलब्ध चिकित्सीय उपकरणों, डॉक्टरों की तैनाती एवं त्वरित उपचार व्यवस्था की भी उन्होंने समीक्षा की।
100 बेड का होगा अस्पताल
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयास से नागरिक अस्पताल को 50 बेड से बढ़ाकर 100 बेड का किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को उन्नत एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। अस्पताल के विस्तार, नए भवन निर्माण तथा डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के लिए रिहायशी भवनों के निर्माण पर कुल 41 करोड़ 64 लाख 54 हजार रुपये की राशि व्यय की जा रही है। यह परियोजना पूर्ण होने के बाद अस्पताल की कार्यक्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी ।