- विभाग ने जारी की नई गाइडलाइन, सरकारी स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया को बनाया डिजिटल
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सरकारी स्कूलों में छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया डिजिटल होगी। हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग ने इस प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश दिए हैं। निपुण हरियाणा पोर्टल पर अब स्कूल सीधे छात्रों की सालाना हाजिरी का विवरण फीड कर सकेंगे। इसके लिए विभाग ने एक विस्तृत यूजर मैनुअल भी जारी किया है, ताकि शिक्षकों को तकनीकी दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
पोर्टल पर हाजिरी दर्ज करने के लिए स्कूलों को कुछ प्रक्रिया अपनानी होंगी। इसमें सबसे पहले पोर्टल पर जाकर स्कूल का 10 अंकों वाला यूडाइस कोड और पासवर्ड डालकर साइन-इन करना होगा। लॉगिन के बाद छात्र हाजिरी बटन पर क्लिक करना होगा। इसके बाद कक्षा, सेक्शन और शैक्षणिक सत्र का चयन कर सर्च बटन दबाना होगा। शिक्षकों को सबसे पहले उस शैक्षणिक वर्ष के कुल कार्य दिवसों की संख्या भरनी होगी। लिस्ट में दिख रहे प्रत्येक छात्र के नाम के आगे उसकी उपस्थित दिनों की संख्या भरनी होगी।
गलती सुधारने का भी मौका
इस नए सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि शिक्षकों को अब जोड़-घटाव की मशक्कत नहीं करनी होगी, जैसे ही छात्र के उपस्थित दिन भरे जाएंगे, सिस्टम खुद-ब-खुद उसकी अनुपस्थिति और हाजिरी का प्रतिशत निकाल लेगा, यदि डेटा भरते समय कोई गलती हो जाती है, तो उसे सुधारने के लिए पोर्टल पर विकल्प भी दिया गया है। सभी विवरण सही पाए जाने पर अंत में सेव बटन दबाकर प्रक्रिया को पूरा किया जा सकता है।
निपुण पोर्टल पर अब छात्रों की हाजिरी लगाना आसान होगा। इस संबंध में विभाग की ओर से आदेशों की जानकारी शिक्षकों को दे दी गई है और उन्होंने काम भी शुरू कर दिया है।
- सुधीर कालड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी, अंबाला