संवाद न्यूज एजेंसी
बराड़ा। जिला स्तरीय पीएमश्री विद्यालयों की खेल प्रतियोगिता वीरवार को आयोजित हुई। जिला परियोजना समन्वयक सीमा रानी के नेतृत्व में हुई इस प्रतियोगिता में जिले के 11 पीएमश्री विद्यालयों के खिलाड़ियों ने 8 स्पर्धाओं में दम दिखाया। 400 मीटर दौड़ में कक्षा 6 से 8 वर्ग के लड़कों में पीएमश्री साहा के सौरभ और लड़कियों में पीएमश्री घेल की हरप्रीत कौर अव्वल रहे।
वहीं, 9वीं से 12वीं वर्ग में साहा के मंदीप और घेल की कनिका ने पहला स्थान पाया। 200 मीटर दौड़ में 6वीं से 8वीं वर्ग में रामबाग रोड के विजय व शहजादपुर की गरिमा प्रथम रहे, जबकि 9वीं से 12वीं वर्ग में साहा के वर्ष और दुनाना की सोनाक्षी ने बाजी मारी। 100 मीटर दौड़ में 6वीं से 8वीं वर्ग से दुनाना के गगनदीप व शिवानी तथा 9वीं से 12वीं वर्ग से साहा के रिहान व दुनाना की सोनाक्षी पहले स्थान पर रहे।
400 मीटर रिले दौड़ में साहा व घेल की टीमों ने बढ़त बनाई। डिस्कस थ्रो में घेल के यानिकेत व रितिका, उगाला के आर्यन और दुनाना की अर्चना अव्वल रहे। शॉट पुट में साहा के रितेश, घेल की रितिका व दीपांशु और दुनाना की जसकिरत कौर ने पहला स्थान हासिल किया। लॉन्ग जंप में घेल के सुमित व हरप्रीत तथा साहा के मनदीप व पूनम ने बाजी मारी, जबकि हाई जंप में घेल के गुरप्रीत, हरप्रीत कौर व हरमन तथा बलदेव नगर के गुरप्रीत प्रथम रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत खंड शिक्षा अधिकारी (अंबाला-1) सतवीर सिंह ने ध्वजारोहण कर की। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं। इस दौरान एसडीई राहुल भारद्वाज, सहायक खेल अधिकारी अमरिंदर सिंह, गुरदेव सिंह, नितिन, बीआरपी बलविंदर सिंह, एबीआरसी दीपिका जिंदल और सेवानिवृत्त एपीसी हरजिंदर सिंह का विशेष सहयोग रहा।