अंबाला सिटी। स्मैक की तस्करी के मामले में फंसे पुलिस के सिक्योरिटी एजेंट बिजेंद्र ने साथी का नाम पुलिस को बता दिया है, जिससे वह स्मैक बिकवाता था। ढाई करोड़ की यह स्मैक तीन फरवरी को उत्तरप्रदेश के बाराबंकी से अंबाला शहर पहुंची थी। पुलिस ने बिजेंद्र की निशानदेही पर सरना को भी गिरफ्तार कर लिया है, उसे भी आज अदालत में पेश किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि इस स्मैक को बाराबंकी से एक व्यक्ति लेकर अंबाला शहर पहुंचा था और उसने यह स्मैक पुलिस के सिक्योरिटी एजेंट बिजेंद्र को देनी थी। लेकिन बिजेंद्र को जब कुछ गड़बड़ी का अहसास हो गया तो उसने तस्कर से डिलीवरी की जगह बाद में बताने की बात कही। लेकिन उससे पहले वो तस्कर राजेंद्र प्रसाद स्मैक समेत पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
रिमांड के दौरान तस्कर ने पुलिस को बताया कि ये स्मैक उसने बिजेंद्र नाम के पुलिस वाले को देनी थी। पुलिस ने तुरंत बिजेंद्र को भी इस मामले में गिरफ्तार कर चार दिन की रिमांड पर ले लिया।
पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि अब रिमांड के दौरान बिजेंद्र ने पुलिस को बता दिया है कि वह ही बाराबंकी से स्मैक मंगवाता था और सरना नाम के व्यक्ति के माध्यम से उसे शहर के विभिन्न हिस्सों में बिकवाता था। सरना अपने चैनल और गुर्गों से इस माल को बेचता था और माल बेचने के बाद अपना कमीशन सरना रख लेता था और बाकी रकम पुलिस वाले बिजेंद्र को दे देता था। आज सरना को भी अदालत में पेश कर उसे भी रिमांड पर लिया जाएगा।