अंबाला। तीन साल से लंबित मांगों के समर्थन में नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने छावनी बस अड्डे से कैबिनेट मंत्री अनिल विज के निवास तक पैदल मार्च निकाला और एक ज्ञापन विधायक के प्रतिनिधि को सौंपा। रोष मार्च नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले अंबाला छावनी की शाखा की ओर से निकाल गया, इसकी अध्यक्ष शाखा प्रधान सेवाराम बोहत ने की।
प्रधान ने बताया कि लंबित मांगों को लेकर कर्मचारी वर्ष 2022 से आंदोलन कर रहे हैं। तीन वर्ष बीत जाने के बाद और बैठकों के बाद भी सरकार ने मांग पत्रों पर हुई कार्रवाई को लेकर अधिसूचना जारी नहीं की है ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके। मांगों के संबंध में जानकारी देते हुए प्रधान ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से सफाई कर्मचारियों और सीवर मैन की भर्ती नहीं हो रही है, वहीं जो सामान मौजूद सफाई कर्मचारियों को मिलना चाहिए वो नहीं मिल रहा, कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जा रहा, अग्निशमन कर्मचारियों की परेशानी को दूर नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा भी कुछ समस्याएं हैं जोकि कर्मचारियों को राहत प्रदान करने वाली हैं, बावजूद इसके सरकार इन लंबित समस्याओं पर कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं कर रही है। अगर जल्द ही सरकार ने कोई फैसला नहीं किया तो 26 सितंबर को उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन करके एक मांग पत्र मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा, वहीं आंदोलन के अगले पड़ाव में कुरुक्षेत्र में सीएम आवास का भी घेराव किया जाएगा।