शंघाई रेस्तरां में आधी रात तक नशे की हालत में मस्ती कर रहे युवकों और युवतियों के मामले में जहां रेस्तरां का मालिक सनवीर सौंधी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, वहीं पुलिस ने भी अब शंघाई रेस्तरां का बार लाइसेंस रद करवाने का मन बना लिया है। इसके लिए डीसीपी जशनदीप सिंह रंधावा ने आबकारी विभाग को शंघाई रेस्तरां के बार का लाइसेंस रद करने के लिए लिख दिया है। उधर, आबकारी विभाग ने भी इस मामले में जांच कर अपनी रिपोर्ट पुलिस विभाग को दे दी है, जिसमें उन्होंने कई तरह की अनियमितताओं को दर्शाया है। जिसके चलते ये पाया गया है कि शंघाई रेस्तरां में इस घटना के दौरान तमाम आबकारी नियमों की उल्लंघना की गई थी।
डीसीपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने बताया कि शंघाई रेस्तरां में चल रही पार्टी के संबंध में आबाकारी विभाग से मिली रिपोर्ट में कई अनियमितताएं सामने आई है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार रात 12 बजे के बाद किसी भी स्तर पर लाइसेंस प्राप्त रेस्तरां में शराब नहीं परोसी जा सकती, लेकिन शंघाई रेस्तरां में इस मामले में बारह बजे के बाद होटल में शराब परोसी गई। डीसीपी ने बताया कि यही नहीं शंघाई रेस्तरां के मालिक ने आबकारी विभाग ने होटल के बेसमेंट में बार की अनुमति ली हुई है, लेकिन पार्टी में छत पर मौजूद हॉल में शराब परोसी जा रही थी।
उन्होंने बताया कि होटल मालिक द्वारा इस संबंध में बरती अनियमितता को लेकर आबकारी विभाग को शंघाई होटल के बार के लाइसेंस को रद करने के लिए लिख दिया है। उधर, रेस्तरां मालिक भी अभी तक फरार चल रहा है। एसएचओ कैंट अजीत सिंह का कहना है कि जल्द मालिक को भी काबू कर लिया जाएगा।
ये था मामला
उल्लेखनीय है सोमवार आधी रात को पुलिस ने गुप्त सूचना मिलने पर शंघाई रेस्तरां में रेड मारकर वहां शराब के नशे में युवतियों के साथ मस्ती कर रहे 33 'मस्तीजादों' को काबू किया था। जिनमें अंबाला के कारोबारियों के 27 लड़कें व चंडीगढ़ व खरड़ से बुलाई गई 6 लड़कियां शामिल थी। युवतियां अर्धनग्न हालत में नाच रही थी और युवक नशे में धुत फर्श पर गद्दे बिछाकर बैठे शराब का सेवन करते हुए उन पर नोट लुटा रहे थे, लेकिन पुलिस की रेड पडने के बाद वहां हड़कंप मच गया था।