अंबाला। रामबाग गोशाला कमेटी और सनातन धर्म सभा के पदाधिकारियों की मंगलवार को बैठक हुई। इसमें श्री कृष्ण जन्मोत्सव के लिए रूपरेखा तैयार की गई।
इस बार कमेटी ने 16 अगस्त को श्री कृष्ण जन्मोत्सव मनाने का फैसला लिया है। रामबाग गोशाला कमेटी के प्रकल्प अधिकारी राकेश कंसल ने बताया कि श्री कृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त राजस्थान के प्रसिद्ध कलाकार व इंडियाज गोट टैलेंट टीवी सीरियल के कलाकार अपनी अद्भुत कलाओं से लोगों को मंत्रमुग्ध करेंगे।
इसके अतिरिक्त श्री वृन्दावन धाम से महाराज गिरधर गिरी के नेतृत्व में खाटू श्याम म्यूजिकल ग्रुप की ओर से श्री कृष्ण की लीलाओं, अन्य आकर्षक झांकियां, नृत्य गीत संगीत से मंच को सुसज्जित किया जाएगा। कलकत्ता के फूलों से सजेगा पंडाल
राकेश कंसल ने बताया कि कार्यक्रम में आकर्षक झांकियां, कलकत्ता के कारीगरों की ओर से फूलों की सजावट, विशेष लाइटिंग, साउंड व सजावट महोत्सव के विशेष आकर्षण के केंद्र बिंदू होंगे। इस वर्ष भी रामबाग गोशाला कमेटी ने विभिन्न राज्यों के ब्रांडेड मशहूर चटपटे व्यंजनों के 56 स्टॉल (56 भोग) लगवाएगी। इस कार्यक्रम के लिए कमेटी ने लोगों को आमंत्रित करना शुरू कर दिया है। इस दौरान सनातन धर्म सभा के महासचिव सुधीर विन्दलस ने बताया कि कार्यक्रम के लिए मशहूर ग्रुपों को अनुबंधित कर लिया है। संवाद