अंबाला सिटी। पिछले वर्ष दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कुल 45 सैंपल भरे थे। यह सैंपल मिठाइयों और डेयरी उत्पादों के थे। इन सैंपलों की अब जांच रिपोर्ट आई है। इसमें छह सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे। इस संबंध में तीन दुकानदारों पर सब स्टैंडर्ड के तहत मामला दर्ज करने की सिफारिश की गई है।
जबकि एक दुकान के सैंपल को दोबारा जांच के लिए गाजियाबाद की लैब में भेजा गया है। दो अन्य सैंपल को लेकर विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी गई है। दरअसल त्योहारों के समय खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रियता दिखाते हुए विभिन्न दुकानों से खाद्य उत्पादों के सैंपल भरता है। इसी कार्यवाही के तहत अंबाला शहर, अंबाला कैंट व अन्य स्थानों से खाद्य उत्पादों के सैंपल भरे गए थे।
जिसमें छह सैंपल फेल हुए हैं। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ योगेश कादयान ने बताया कि जो सैंपल फेल हुए हैं उनको लेकर सब स्टैंडर्ड के तहत कोर्ट प्रोसीडिंग शुरू की जा रही है।
एक अधिकारी और तीन जिलों की जिम्मेदारी : हैरानी की बात है कि दीपावली या होली पर ही विभाग सक्रिय इस कारण से भी होता है क्योंकि खाद्य सुरक्षा विभाग में लंबे समय से भर्तियां नहीं हुई हैं।
इसके कारण कई जिलों में जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी का पद खाली है। अंबाला के जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी के पास तीन जिलों की जिम्मेदारी है। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि पांच दिनों में वह कितने स्थानों पर सक्रियता दिखा सकते हैं। इसके साथ ही अन्य स्टॉफ की भी कमी है। कर्मचारियों की कमी को लेकर भी कई बार सर्व कर्मचारी संघ के पदाधिकारी मांग कर चुके हैं।
दुकानदारों को थमाए गए हैं नोटिस : जिन दुकानों के सैंपल नियमों के तहत नहीं पाए गए उन्हें पहले नोटिस थमाए गए। उनसे नाेटिस के जरिए जवाब लिया जाता है। इसके बाद भी उन्हें मौका दिया जाता है कि वह अपने उत्पाद की जांच दोबारा से करा सकते हैं। इसके बाद भी रिपोर्ट नकारात्मक रहने पर कोर्ट में सुनवाई होकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है।