अंबाला मंडल के साहिल यादव ओडिशा में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखाते हुए। रेलवे
अंबाला। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित सीनियर आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक नेशनल चैंपियनशिप 2026-27 में भारतीय रेलवे के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से स्वर्णिम इतिहास रच दिया है। प्रतियोगिता में रेलवे की पुरुष और महिला दोनों ही टीमों ने शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।अंबाला मंडल के लिए गौरवशाली क्षण तब आया, जब यहां कार्यरत वाणिज्यिक क्लर्क सह टिकट क्लर्क साहिल यादव ने फ्लोर एक्सरसाइज स्पर्धा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल अंबाला मंडल, बल्कि पूरे उत्तर रेलवे में खुशी की लहर है।
इस बड़ी जीत के पीछे कोच अंबाला मंडल के खेल सचिव कपिल कौशिक की कड़ी मेहनत और समर्पण रहा। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिस्पर्धा में देश भर से आई सर्विसेज और विभिन्न राज्यों की टीमों को पीछे छोड़ दिया। मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों के अनुशासन और विभाग द्वारा प्रदान की गई आधुनिक सुविधाओं को दिया। इस अवसर पर खेल अधिकारी चंद्रकांत मूंगरे और सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने साहिल यादव और पूरी टीम को बधाई दी। अधिकारियों ने कहा कि साहिल और कोच कपिल कौशिक की यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। संवाद