अंबाला। ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर छावनी के न्यू कॉलोनी निवासी विशाल सैनी से आठ लाख रुपये और तीन हजार यूएस डॉलर हड़प लिए।
पीड़ित का आरोप है कि पहले तो उसे फर्जी वीजा के जरिये स्वीडन का नागरिक बनाकर थाईलैंड भेज दिया। वहां से लौटने के बाद फिर इंडोनेशिया भेज दिया। जहां पर आरोपी के साथी ने उसे तीन हजार यूएस डॉलर हड़पते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में पीड़ित ने पहले आईजी को शिकायत दी थी। अब महेश नगर थाना पुलिस ने आरोपी सागर बावा, शिव कुमार, आकाश राणा व विशाल उर्फ शालू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
महेश नगर पुलिस के पास पहुंची शिकायत में अंबाला छावनी की न्यू कॉलोनी निवासी विशाल सैनी ने बताया कि वह ऑस्ट्रेलिया जाने का इच्छुक था। जून 2023 में उसकी मुलाकात संभालखा के केशोपुरा गांव निवासी सागर बावा से हुई थी और आरोपी सागर ने उसे अपने आवास पर बुलाया था। जहां पर उसकी मुलाकात शिव कुमार से करवाई। पहले आरोपियों संग 16 लाख रुपये में डील हुई थी। इनमें से 8 लाख रुपये पहले और आठ लाख रुपये बाद में देने थे। बाद में सागर के कहने पर उसने 4 लाख रुपये आकाश राणा के खाते में ट्रांसफर किए। शिव कुमार के कहने पर एक लाख रुपये शिव इंटरप्राइजेज के खाते में डाले। उसके उपरांत 2.50 लाख रुपये सागर को ट्रांसफर किए।
इतना ही नहीं 50 हजार रुपये सागर को नकद देने के साथ-साथ दस्तावेज भी दिए। सागर ने उसे वीजा आने की बात बोलते हुए फर्जी वीजा थमा दिया और उसमें स्वीडन नागरिक के रूप में दिखाया । जबकि वह वास्तव में भारतीय है। थाईलैंड हवाई अड्डे पहुंचने पर जांच के दौरान उसे प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। वहां पता चल गया कि उसके पास स्वीडन की नागरिकता नहीं है। तभी उसे वापस भारत लौटा दिया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वहां से तो वह वापस भारत आ गया और आरोपियों को पकड़ा तो उन्होंने कहा कि वह उसे दोबारा ऑस्ट्रेलिया भेज देंगे। बाकायदा 62 हजार रुपये ले लिए। बाद में बताया कि उसे इंडोनेशिया में विशाल उर्फ शालू मिलेगा। जैसे ही वह पहुंचा तो विशाल ने 6800 यूएस डॉलर की डिमांड की। तीन हजार डॉलर देने के बाद आरोपी ने उसे धमकाया कि वापस भारत चले जाओ, नहीं तो जान से मार देंगे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि विशाल ने पहले भी भारत से आए एक लड़के का अपहरण किया हुआ था।