संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। नागरिक अस्पताल के फ्लू वार्ड के सामने कोरोना जांच करवाने आ रही लोगों की भीड़ चलता फिरता हॉट स्पॉट बनती जा रही है। कोरोना जांच करवाने आ रहे लोग जम कर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा रहे हैं। भीड़ को काबू करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कोई इंतजाम नहीं किया गया।
यहां न तो यहां कोई पुलिस कर्मी तैनात है न ही आउट सोर्सिंग का कोई सुरक्षा गार्ड जो लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए कह सके। वहीं अंबाला छावनी के अस्पताल में बाकायदा पुलिस मुलाजिमों को तैनात किया गया है जो व्यवस्था बनाने में जुटे रहते हैं। कोरोना जांच करवाने आ रहे लोग वैसे तो किसी चीज को छूने से भी कतरा रहे हैं, वहीं लोग मुंह पर मास्क भी लगाए हुए हैं। इस दौरान लोग हाथों को भी सैनिटाइज कर रहे हैं लेकिन शायद लोग भूल रहे हैं कि उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करना है, क्योंकि संक्रमित होने का खतरा भीड़ में और अधिक बढ़ जाता है।
इस संबंध में डीएमएस अंबाला डॉक्टर पवनीश अग्रवाल का कहना है कि वैसे तो बीस-बीस लोगों का बैच बना कर लोगों की जांच की जा रही है। इनमें सैंपल देने आए लोगों के सहयोगियों की भीड़ ज्यादा होती है। पीएमओके संज्ञान में मामला लाया जाएगा। जल्द ही इस समस्या को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।