अंबाला शहर के सेखो पेट्रोल पंप के पास एक गली में शुक्रवार रात बदमाशों ने एक युवक की आंखों में मिर्च झोंक करीब 45 लाख रुपये लूट लिए।
विरोध करने पर बदमाशों ने युवक कों चाकू मारकर घायल कर दिया। पीड़ित युवक अंबाला में सर्राफा व्यवसायियों को पार्सल सप्लाई करता है और शुक्रवार को पेमेंट लेकर घर जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यमुनानगर का रहने वाला जितेंद्र एक कोरियर कंपनी में काम करता है। वह अंबाला में सर्राफा व्यवसायियों को पार्सल सप्लाई करने के लिए आता रहता है। उसने शहर के ही सेक्टर 7 में एक मकान किराये पर ले रखा था।
उसने बताया कि शुक्रवार को वह सर्राफा व्यवसायियों से पेमेंट संग्रह करने के बाद एक्टिवा से घर जा रहा था। अग्रसेन चौक के पास ही स्थित सेखों पेट्रोल पंप के साथ लगती एक गली में पहुंचा, तो इसी दौरान करीब चार युवक आए और उसकी आंखों में मिर्च झोंक दी।
इसी दौरान इन युवकों ने उस बैग को छीन लिया, जिसमें करीब 45 लाख रुपये थे। विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर चाकू से वार कर दिया, जो उसके हाथ में लगा। इसके बाद युवक फरार हो गए। किसी तरह से उसने इसकी सूचना घटनास्थल से थोड़ा आगे एक दुकानदार को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस सूचना पाकर मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी। घायल को शहर सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। बलदेव नगर पुलिस का कहना है कि लूट की घटना हुई है, जिस पर कार्रवाई की जा रही है।