अंबाला के साहा में बुधवार को टेक्नोलॉजी सेंटर के शिलान्यास समारोह के मंच पर विकास के मसले पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के मतभेद खुलकर सामने आए।
केंद्रीय मंत्री सैलजा ने हुड्डा पर विकास के मामलों में भेदभाव का आरोप लगाते हुए जमकर निशाना साधा। सीएम ने भी सैलजा की तल्खी का जवाब मंच से ही दिया। इस दौरान दोनों दिग्गज नेताओं की मंच पर ही बहस भी हुई।
हुड्डा ने सैलजा के आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा कि विकास दिल्ली में बैठकर नहीं होता। इसके लिए जनता के बीच जाना पड़ता है। इस पर सैलजा ने कहा - प्रदेश सरकार क्या जाने दिल्ली में बैठकर मैं क्षेत्र के लिए क्या-क्या परियोजनाएं लाती हूं। लेकिन प्रदेश सरकार परियोजनाओं में रोड़ा अटकाने का काम करती है।
सैलजा ने पंचकूला वाया नारायणगढ़ जगाधरी रेलवे ट्रैक के लिए नारायणगढ़ में मुफ्त में जमीन देने का मामला उठाया। मुफ्त जमीन देने से सीएम के इनकार के बाद सैलजा ने कहा कि महम में ट्रैक के लिए मुफ्त जमीन दी गई तो नारायणगढ़ में इनकार क्यों। इस पर हुड्डा ने कहा कि भविष्य में कहीं भी मुफ्त जमीन नहीं दी जाएगी।
सैलजा ने कहा कि सीएम साहब हरियाणा नंबर वन की बात कर रहे हैं, यह अच्छी बात है। लेकिन मुख्यमंत्री को अंबाला और अन्य जिलों को भी नंबर वन बनाना चाहिए। सैलजा ने कहा कि रोहतक में विकास गलत नहीं है लेकिन अंबाला व अन्य जिलों का भी विकास होना चाहिए।
सैलजा के भाषण के बाद मंच सीएम हुड्डा ने संभाला और सैलजा के आरोपों केा खारिज करना शुरू किया। सीएम ने इशारों में साहा में प्रस्तावित आईएमटी में देरी के लिए सैलजा को जिम्मेदार ठहराया।
मंच पर एक बार तो ऐसी स्थिति आ गई जब सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा मंच से ही सैलजा के विकास के मामले में लगाए गए भेदभाव संबंधी आरोपों को खारिज कर रहे थे, तो मंच पर ही बैठी केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ‘न’ में हाथ हिलाकर सीएम हुड्डा की दलीलों को नकार रही थी। बस, हुड्डा के भाषण के तुरंत बाद ही एकदम से इस समारोह का भी समापन कर दिया गया।
इस दौरान सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उद्योग मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला और प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना तुरंत मंच से नीचे उतरे और कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए। जबकि सैलजा वहां काफी देर तक रुकी रही और कार्यकर्त्ताओं से मुखातिब होती रही।
इससे पहले साहा में 100 करोड़ के टेक्नोलॉजी सेंटर का शिलान्यास किया गया।समारोह में केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) केएच मुनीयप्पा, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कुमारी सैलजा, मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री रणदीप सुरजेवाला व प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना ने संयुक्त रूप से इस टेक्नोलॉजी सेंटर का उद्घाटन किया।