अंबाला। रेल लाइन की सुरक्षा में लगे पेंडुलम क्लिप को ही अज्ञात ने चोरी कर लिया। आरपीएफ को जैसे ही मामले की भनक लगी तो तुरंत टीम को मौके पर भेजकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान अंबाला सिटी के मोती नगर निवासी अभिषेक उर्फ दीपक के तौर पर हुई है।
आरोपी के खिलाफ अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन की आरपीएफ पोस्ट पर मामला दर्ज किया गया। आरोपी को मंगलवार कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। आरपीएफ के प्रभारी रविंदर सिंह ने बताया कि अंबाला छावनी और सिटी रेलवे स्टेशन के मध्य रेल लाइन पर लगे लोहे के क्लिप चोरी होने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर जांच की गई तो क्लिप गायब मिले, इसके बाद तुरंत मुखबिरों का जाल फैलाया गया तो जानकारी मिली कि आरोपी एक बैग लेकर जाता नजर आया था तो तुरंत पीछा करके आरोपी को पकड़ लिया गया। जब उसके पास मिले बैग की तलाशी ली गई तो उसके अंदर से 15 लोहे के क्लिप बरामद हुए। आरोपी ने बताया कि उसने कुछ देर पहले ही यह चोरी किए थे। संवाद