अंबाला। परिवहन मंत्री की आश्वासन के बाद भी बैठक न बुलाए जाने से नाराज रोडवेज कर्मचारियों ने वीरवार को छावनी बस अड्डे पर धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने एओ राकेश कुमार के माध्यम से परिवहन मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो 5 सितंबर को प्रदेश में राज्यव्यापी हड़ताल की जाएगी। छावनी बस अड्डा परिसर में दो घंटे तक प्रदर्शन चलता रहा। इस दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए रोष जताया।
प्रदर्शन की अध्यक्षता विजेंद्र जांगड़ा ने की। संबोधित करते हुए सांझा मोर्चा के राज्य नेता जयबीर घणघस और माया राम उनियाल ने कहा कि 25 जुलाई को परिवहन मंत्री ने आवास घेराव के दौरान 15 दिनों के भीतर मांगों पर वार्ता बैठक बुलाने का आश्वासन दिया था। तय समय बीतने के बाद भी सरकार की ओर से बातचीत का कोई पत्र जारी नहीं किया गया। इस वादा खिलाफी से प्रदेशभर के रोडवेज कर्मचारियों में आक्रोश है। इस अवसर पर बलविंदर सैनी, जनक फौजी, सुनील नरवाल, बसंत सैनी सहित अन्य मौजूद रहे।
-
कर्मचारियों की मुख्य मांगें-
परिचालकों का पे-ग्रेड बढ़ाने, लिपिकों की तर्ज पर तीन वेतन वृद्धि देने, चालकों का पे-ग्रेड बढ़ाने तथा जोखिम भरी ड्यूटी करने वालों को जोखिम भत्ता देने की मांग। स्टैंड इंचार्ज का नया पद सृजित कर चालकों को पदोन्नति देने और कार्यालय सहायकों के पदों में बढ़ोतरी कर लिपिकों को तरक्की, 2016 के भर्ती चालकों, 2018 के कर्मशाला कर्मचारियों को तकनीकी पदों पर तरक्की देने तथा एचकेआरएन के माध्यम से लगे परिचालकों व अन्य कर्मचारियों को पक्का करने, इलेक्ट्रिक बसों की ठेका व्यवस्था समाप्त कर उन्हें बेड़े में शामिल करने और कर्मचारियों को पहले की तरह अर्जित अवकाश का लाभ देने सहित अन्य मांगे हैं।