अंबाला शहर बस स्टैंड परिसर में स्थापित होगा 320 और 500 केवीए का ट्रासंफार्मर।
अंबाला। सिटी बस स्टैंड परिसर में लगने वाले ट्रांसफार्मर को लेकर रोडवेज विभाग ने दूसरी बार बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया। इससे पहले भी रोडवेज ने बिजली कनेक्शन के लिए अप्लाई किया था, लेकिन फंड न होने के कारण समय पर बिजली निगम के खाते में रुपये जमा नहीं करवाए गए तो आवेदन रद्द हो गया था।
अधिकारियों ने विद्युत निगम के खाते में करीब तीन लाख आठ हजार रुपये जमा भी करवा दिए हैं। जल्द ही बिजली निगम रोडवेज को बिजली का कनेक्शन देगा और इसके साथ तार उपलब्ध करवाएगा। कनेक्शन मिलने के बाद शहर बस स्टैंड पर निजी कंपनी द्वारा 320 केवीए का ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। इसी के साथ ही कंपनी द्वारा 500 केवीए का ट्रांसफार्मर बैकअप में रखा जाएगा। जिसे इमरजेंसी के दौरान इस्तेमाल किया जा सकेगा।
बता दें कि अंबाला में 50 इलेक्ट्रिक वातानुकूलित एसी बसें आनी हैं। लेकिन पानीपत, यमुनानगर और पंचकूला की तरह अंबाला में भी ट्रायल के तौर पर पांच इलेक्ट्रिक एसी बसें आएंगी। इन बसों के संचालन के बाद धीरे धीरे बाकी की बसें आ जाएंगी। अंबाला सिटी में लगने वाले चार्जिंग स्टेशन के लिए अधिकारियों ने पिछले महीने बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। जिसके बाद कंपनी कर्मचारियों को शहर के बस स्टैंड परिसर में अलग से 320 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया जाना था।
इस ट्रांसफार्मर के माध्यम से चार्जिंग स्टेशन पर बिजली की आपूर्ति पूरी करनी थी। इसी के साथ ही 500 केवीए के ट्रांसफार्मर की व्यवस्था बैकअप के आधार पर करनी थी। इसके साथ ही बस स्टैंड स्थित पानी की टंकी के पास इलेक्ट्रिक एसी बसों की धुलाई और साफ सफाई की व्यवस्था का प्रबंध भी किया जाना था। वहीं बस स्टैंड पर डीआईएमटीएस कंपनी की परिचालन टीम और वर्कशॉप में जेबीएम के लिए एक कमरा की व्यवस्था की जानी थी। ट्रांसफार्मर लगने के बाद सभी काम शुरू हो जाएंगे।