शनिवार की शाम अंबाला में हो रही बरसात के दौरान अंबाला जगाधरी हाइवे से गुजरते वाहन चालक।
अंबाला। शुक्रवार का दिन सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया था। तब दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मगर सायं होते ही पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया और धूलभरी हवा चलने लगी।
देररात्रि को काफी देर तक बारिश हुई, जिससे छावनी के कुछ निचले इलाकाें में जलभराव भी हो गया। शनिवार को सुबह धूप तो निकली मगर कुछ देर बार ही बादलवाई के असर ने गर्मी के प्रभाव को कुछ कम करने का काम किया। इसके बाद सायं को अचानक से मौसम ने फिर करवट ली और ठंडी हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हुई।
शनिवार को दिन के समय 37 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जोकि सामान्य तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं रात्रि तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आमतौर पर एक मई तक परिवर्तनशील रहने की संभावना है। 28 अप्रैल से एक मई के दौरान मौसम आमतौर पर खुश्क तथा गर्म रहने की संभावना है जिससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी तथा बीच-बीच में हवा चलने की संभावना है।
बच्चों और बुजुर्गाें का रखें ख्याल : सीएमओ
गर्मी के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से आम नागरिकों को सावधानियां बरतने की सलाह दी जा रही है। जिला अंबाला के सीएमओ डॉ. राकेश सहल ने बताया कि जैसे-जैसे गर्मी का मौसम करीब आ रहा है और अत्यधिक गर्मी होने से स्वास्थ्य पर प्रभाव पड़ता है। विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ अन्य सभी को अपने स्वास्थ्य के प्रति सचेत होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम के दौरान सुरक्षित रहने के लिए हम कई सावधानियां बरत कर अपने-आपको स्वस्थ रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि दिन में दोपहर 12 बजे से दोपहर दो बजे तक घर के अंदर ही रहें। घर के अंदर आरामदायक तापमान बनाए रखने के लिए पंखे, एयरकंडीशन या कूलर का प्रयोग करें।
दिन के समय सूरज की रोशनी को रोकने और अपने घर को गर्म होने से बचाने के लिए पर्दे बंद रखें। गर्मी के दौरान छोटे बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखें। हीट स्ट्रोक एक चिकित्सीय आपात स्थिति है और इसके लिए तत्काल चिकित्सा लेने के साथ-साथ ध्यान देने की आवश्यकता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग और पुलिस विभाग ओरल डिहाइड्रेशन सॉल्यूशन प्रदान करेगा। ओरल डिहाइड्रेशन सॉल्यूशन का उद्देश्य पसीने के माध्यम से खोए गये आवश्यक इलेक्ट्रोलाइट की पूर्ति और जलयोजन को बढ़ावा देकर निर्जलीकरण और गर्मी से संबंधित बीमारियों का समाधान करना है।