नारायणगढ़। कड़ासन स्थित अनाज मंडी से धान उठान की कछुआ चाल से आढ़तियों व किसानों को हो रही परेशानी के चलते उनमें रोष है। आढ़तियों ने धान के शीघ्र उठान की मांग की है।
आढ़ती सुरजीत सिंह, गरीब दास, प्रवीन कुमार, अग्रसिंह, किरण, सोनू , रामकुमार, प्रदीप ब्रजलाल व किसानों का कहना है कि धान की सरकारी खरीद एक ही एजेंसी हैफेड की ओर से की जा रही है। यह 30 सितंबर से शुरू हुई। उन्होंने बताया कि उनकी मंडी से धान का उठान चुनिंदा दुकानों से किया जा रहा है। उठान धीमी गति से होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भी बारिश में खुले में पड़ा धान भीग गया था। इसे सुखाने में भी दो तीन दिन मशक्कत करनी पड़ेगी। आढ़तियों ने बताया कि उनकी मंडी में न तो शेड है, न सड़कें हैं और न ही शौचालय है। बिना शेड के किसानों की फसल जरा सी बारिश आने पर भीग जाती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उठान के कार्य में तेजी लाई जाए ताकि आढ़तियों व किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े ।
खरीद अधिकारी सपना राणा ने बताया कि मंडी से धान लिफ्टिंग जारी है। उन्होंने कहा कि आढ़तियों को किसी प्रकार की समस्या नही आने दी जाएगी। डीएम विकास देसवाल ने बताया कि उनके संज्ञान में यह मामला आया है। सेलर वाले कुछ दुकानों से माल नहीं उठा रहे जिन्हें शीघ्र माल उठाने के निर्देश दिए गए हैं। शीघ्र ही समस्या का समाधान हो जाएगा।