अंबाला। फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर हरियाणा शिक्षा विभाग से रिटायर्ड प्रिंसिपल बराड़ा निवासी सुरेंद्र पाल सिंह से 26.24 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। साइबर ठग ने विदेशी ट्रेडिंग वेबसाइट के नाम पर रुपये हड़पे। रुपये गंवाने के बाद जब पीड़ित ने रुपये निकलवाने चाहे तो धोखाधड़ी का पता चला। साइबर थाना पुलिस ने सुरेंद्र पाल सिंह की तहरीर पर अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 15 सितंबर को फेसबुक पर ट्रेडिंग का विज्ञापन देखकर उसने रजिस्ट्रेशन किया। व्हाट्सएप व ईमेल के माध्यम से स्वयं को ट्रेडिंग एजेंट बताने वाले ठगों ने रोजाना मुनाफे का झांसा दिया। पीड़ित से कई बार लोन क्लियरेंस, कन्वर्जन फीस, केवाईसी अपडेट, अकाउंट करेक्शन, डिक्लेरेशन फीस, सिक्योरिटी डिपाॅजिट व स्टाम्प ड्यूटी के नाम पर अलग-अलग खातों में रुपया जमा करवाया गया, उन्हें झांसा दिया था कि 13 हजार रुपये से शुरू करने पर रोजाना 700 से एक हजार रुपये तक कमा सकते हैं। इस तरह से जितने ज्यादा रुपये लगाओगे तो उतने रुपये कमाओगे। इसी झांसे में आकर रुपये लगाने शुरू कर दिए थे। 26.24 लाख रुपये देने के बाद जब ठग दबाव बनाने लगे तो धोखाधड़ी का पता चला। रुपये मांगे तो वह भी नहीं दिए। इस संबंध में पहले 26 नवंबर को साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी।