शहीदों को नमन करने भारत भ्रमण करेंगे रिटायर्ड मेजर जनरल
- फोटो : Amar Ujala
अंबाला कैंट के सैन्य क्षेत्र में पत्रकारों से बात करते हुए रिटायर्ड मेजर जनरल सोमनाथ झा ने बताया कि देश में स्वतंत्रता से लेकर अब तक करीब 21 हजार जवान शहीद हो चुके हैं। जिसमें एलओसी बार्डर, सियाचिन व देश के अंदर हुए मिलिटेंट अटैक में शहीद हुए जवान शामिल है। मेजर जनरल ने बताया कि वह 19 अक्तूबर को शहीदों श्रद्धांजलि देने के लिए देश के विभिन्न राज्यों के उस शहर से गुजरेंगे, जहां के जवान शहीद हुए हैं।
वहां उस शहद में शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए साइकिल भी चलाई जाएगी। इस दौरान वह संबंधित शहरों में युवाओं से भी मिलेंगे और उन्हें इंडियन आर्मी ज्वाइन करने के लिए प्रेरित भी करेंगे। उन्होंने बताया कि वह 12/13 हजार किलोमीटर की लंबी यात्रा तय कर हर राज्य से गुजरेंगे। यह यात्रा करीब साढ़े सात महीने में पूरी होगी। मेजर ने बताया कि उनकी यात्रा में अंबाला कैंट से शुरू होकर करनाल के कुंजपुरा में रुकेंगे। इस पैदल साइकिल यात्रा का समापन अमर जवान ज्योति दिल्ली इंडिया गेट पर अप्रैल 2017 को होगा।
मेजर जनरल के अनुसार वे सितंबर में रिटायर्ड हुए थे, उसके बाद उन्होंने अपने जीवन में सभी शहीदों को अनोखे ढंग से श्रद्धांजलि देने और युवाओं को भी इंडियन आर्मी के प्रति जागरूक करने की ठानी। इसी उद्देश्य के चलते वे 19 अक्तूबर को अपनी यात्रा शुरू करेंगे। इस अवसर पर मेजर की पत्नी चित्रा झा ने कहा कि वे अपने पति के इस अभियान का हिस्सा बनेंगे और साढ़े सात महीने तक उनकी यात्रा में साथ रहते हुए शहीदों को नमन करेंगी। उधर, इस अवसर पर कर्नल रविंद्र चौहान भी उपस्थित रहे।